गर्मी में बकटा बुजुर्ग में पेयजल की है भारी किल्लत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, May 27, 2024

गर्मी में बकटा बुजुर्ग में पेयजल की है भारी किल्लत

हैण्डपम्पों का पानी है खारा

पहाड़ी/चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । पहाड़ी ब्लाक के बकटा बुजुर्ग गांव में बढ़ती गर्मी के साथ पेयजल समस्या बढ़ती जा रही है। किसी भी जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने समस्या के स्थाई समाधान को ठोस उपाय नहीं किये। ग्रामीणों को पानी के लिए एक किमी दूर जाना पड़ता है। सोमवार को ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी में टैंकरों की व्यवस्था न करने से दिक्कत बढी है। रोष जताते हुए कहा कि चुनाव के समय विभिन्न दलों के नेता पानी व सड़क की तमाम योजनाओं का वायदा कर चले जाते हैं। जीतने के बाद इधर देखते तक नहीं हैं। यही वजह है कि धरातल में कोई भी योजना गांव में नहीं पहुंच पाती। ग्रामीण अब्दुल कलाम, राजा अली, नियामत अली, शुबराती अली, चंद्र कुमार ने कहा कि गांव में ज्यादातर हैंडपंप का पानी खारा है, जो पीने योग्य नहीं है। गांव में ही कुछ दूर मुस्लिम कुआ है, पूर्व प्रधान धनुइया देवी ने दो दशक पहले बनवाया था। मुस्लिम पुरवा, धोबिन पुरवा, अहिरन पुरवा, टिकरी पुरवा समेत बकटा बुजुर्ग के लोग निस्तार को इसी कुआ से पानी लाते हैं। कुआ की बाउंड्री जर्जर होने से नहाने के बाद का पानी उसी में चला जाता है। प्रदूषण को बढ़ावा देता है। कुआ के चारों ओर कीचड़ है। दूसरी व्यवस्था न होने से मजबूरन लोग पानी का उपयोग कर रहे हैं, बीमार हो रहे हैं। लोगों ने कहा कि समस्या का निदान न हुआ तो बीमारियां गंभीर रूप ले सकती है। मुस्लिम पुरवा में एक ग्रामीण के घर के पास लगे सरकारी हैंडपंप का पानी ठीक है। चारों तरफ कटीली तार लगाकर उसे कब्जे में कर लिया गया है। किसी को पानी नहीं भरने दिया जाता, इसे कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। इस बाबत एडीओ पंचायत पहाड़ी कमल सिंह से बात करने के प्रयास किये। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का निदान किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी पहाड़ी दिनेश कुमार ने कहा कि सचिव आशीष कुमार को टैंकर भेजने के निर्देश दिये हैं। हैंडपंप को कब्जा मुक्त करने व कुआ को तत्काल दुरुस्त करने को कहा है।

 एक किमी दूर से पानी लाते व जर्जर कुआ से पानी भरते लोग।

एक किमी दूर कुआ से लाते हैं पानी

पहाडी/चित्रकूट। गांव के विजय सिंह ने कहा कि गांव में गर्मी में पानी की समस्या बढ़ गई है। जानवरों को पीने को पानी नहीं मिल रहा। पहले पानी की समस्या कम थी। गेडुआ नदी में चेकडैम बनने से नदी के स्रोत बंद हो गये हैं। एक बार नदी की सफाई हो जाये तो गेडुवा नदी को नया जीवन मिल सकता है। रमेश कुमार ने बताया कि वह गांव से एक किमी दूर मुस्लिम पुरवा के कुआ से पानी लाते हैं। दिन में दो बार जाना पड़ता है। एक दिन में 120 लीटर पानी लगता है। पीने को गांव के पश्चिम टोला में खारे पानी का कुआ है। कुआ जीर्ण-शीर्ण है। इसके जीर्णोद्धार की जरूरत है।

प्रधान-सचिव ने कहा कराई है व्यवस्था

पहाडी/चित्रकूट। प्रधान स्वतंत्र कुमार व सचिव आशीष कुमार ने बताया कि गांव की आबादी 35 सौ है। 55 हैंडपंप लगे हैं। जिस बस्ती में पानी की समस्या ज्यादा है, वहां स्थाई रूप से पानी की टंकी रखवा दी गई है। टैंकर से टंकियों में पानी भरवाया जाता है। सभी हैंडपंप की मरम्मत करवा दी गई है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages