ईदुल अजहा की नमाज में अमन-चैन के लिए उठे लाखों हाथ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 17, 2024

ईदुल अजहा की नमाज में अमन-चैन के लिए उठे लाखों हाथ

ईदगाह समेत अन्य मस्जिदों में हुई नमाज, बच्चों में दिखा उत्साह

सुरक्षा व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पीएसी व पुलिस बल 

फतेहपुर, मो. शमशाद । जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में ईदुल अजहा का त्योहार मनाते हुए दिन भर कुर्बानियों का दौर चला। ईदगाह के अलावा मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भारी संख्या में शिरकत कर नमाज अदा की। देश में शांति और सौहार्द के साथ भाईचारे के लिए दुआ की गई। बाद में एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दिए जाने का सिलसिला जारी रहा। बच्चों में खासा उत्साह रहा। बड़ों को पीछे करते हुए उन्होनें भी गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दी। ईदुल अजहा के त्योहार के मौके पर सुबह ईदगाह में भारी संख्या में लोग पहुंचे। ईदुल अजहा नमाज की इमामत नायब शहरकाजी हबीबुल इस्लाम ने की। उन्होने मौजूद लोगों को ईद की नमाज पढ़ाई तत्पश्चात देश में अमन-चैन की दुआ की। उन्होनें कहा कि हर पर्व एकता और शांति का संदेश देते हैं इन्हें मिल-जुलकर मनाना चाहिए। मुस्लिम समाज के युवा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कौम की बदनामी हो। ईमानदारी के रास्ते पर चलें, दूसरों की खिदमत करें। जिससे दूसरे समाज के लोगों के बीच इस्लाम की अच्छी छवि सामने आये। इसी तरह पनी मोहल्ले स्थित बंदगी मियां की मस्जिद में काजी-ए-शहर कारी फरीद उद्दीन कादरी ने मौजूद मुस्लिम समुदाय को ईदुल अजहा की नमाज पढ़ाई। नमाज अदा करने के बाद अभिभावकों संग बच्चों ने ईदगाह में लगे मेले में अपनी मन पसंद चीजों की जमकर खरीददारी की। वहीं पूर्वान्ह आठ बजे के बाद घरों में कुर्बानियों का दौर चला जो देर शाम तक जारी रहा। घरों में पहले सेवइयों का दौर चला और बाद में देर शाम कुर्बानियों के बाद लोगों के घर-घर मिलने का सिलसिला शुरू हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से ईदगाह समेत शहर के प्रमुख चौराहों पर पीएसी बल की तैनाती रही। उधर जिलाधिकारी सी. इन्दुमती, पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह समेत अन्य अधीनस्थ अधिकारियों ने नमाज के दौरान ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नगर पालिका परिषद की ओर से लगाये गये कैंप में जिले के सांसद नरेश उत्तम पटेल, सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, चेयरमैन राजकुमार मौर्या के अलावा सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव चौधरी मंजर यार, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा, जगदीश उर्फ जालिम सिंह एडवोकेट, बलिराज उमराव एडवोकेट, महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा, वीरेंद्र यादव, मो. आजम, नवाब मलिक के अलावा कई सभासदों ने शहरकाजी शहीदुल इस्लाम अब्दुल्ला व नायब शहरकाजी हबीबुल इस्लाम समेत अन्य लोगों को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद पेश की। कुल मिलाकर जिले में शांतिपूर्वक माहौल के बीच ईदुल अजहा का पर्व सम्पन्न हो जाने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। 

ईदगाह में नमाज अदा करते नमाजी एवं शहरकाजी व नायब शहरकाजी को पर्व की बधाई देते सपा सांसद।

आज भी चलेगा कुर्बानी का दौर

फतेहपुर। इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत इब्राहीम अलै. व हजरत इस्माइल अलै. की सुन्नत के रूप में ईदुल अजहा का त्योहार मनाया जाता है। जिसमें पहले दिन के अलावा अन्य दो दिनों तक जानवरों की कुर्बानियों का दौर चलता है। सोमवार को जहां पूरा दिन विभिन्न जानवरों की कुर्बानियों का दौर चला वहीं कल (आज) भी मुस्लिम समुदाय की ओर से अल्लाह की राह में जानवरों की कुर्बानी दी जाएगी, क्योंकि मुस्लिम समुदाय के लोगों का माननता है कि इस दिन अल्लाह को सबसे अधिक कुर्बानी प्यारी है। 

दस साल बाद ईदगाह पहुंचे जिले के सांसद

फतेहपुर। जिले में ईद व बकरीद की ईदगाह परिसर में होने वाली नमाज के दौरान वर्ष 2014 से पहले सांसद रहे राकेश सचान नमाजियों को पर्व की बधाई देने ईदगाह पहुंचते थे, लेकिन वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और जिले में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी साध्वी निरंजन ज्योति ने जीत दर्ज की थी। उनके चुनाव जीतने के बाद लगातार वर्ष 2024 की ईद तक वह नमाजियों से मिलने ईदगाह नहीं पहुंची थी। जिसकी चर्चा हर वर्ष पर्व के दौरान होती थी, लेकिन इस बार वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नरेश उत्तम पटेल ने लोकसभा चुनाव जीता और जिले के सांसद बने। सांसद बनने के बाद पड़े पहले बकरीद के पर्व पर वह अपने समर्थकों संग ईदगाह परिसर पहुंचे जहां उन्होने शहरकाजी शहीदुल इस्लाम अब्दुल्ला, नायब शहरकाजी हबीबुल इस्लाम समेत उपस्थित नमाजियों को ईदुल अजहा पर्व की मुबारकबाद पेश करते हुए आपसी भाईचारे के बीच पर्व को मनाए जाने की अपील की। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages