महाराणा प्रताप चौक पर लगाया जाम
बांदा, के एस दुबे । शहर मुख्यालय अंतर्गत देवनगर पाल मोहल्ला झीलकापुरवा में पीने के पानी की भीषण किल्लत से गुस्साए स्थानीय निवासियों का सब्र आज टूट गया। पानी न मिलने से नाराज दर्जनों लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन और लिखित शिकायत पत्र लेने के बाद ही लोगों ने जाम खोला। स्थानीय निवासी दिनेश गिरि (नागा बाबा) ने जिला प्रशासन को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में मोहल्ले की बदहाली का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि पूरे पाल मोहल्ले में लगभग 300 से अधिक लोगों की आबादी के बीच महज एक ही सरकारी नल है। पिछले कई दिनों से वह नल भी पूरी तरह सूखा पड़ा है, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मोहल्ले वासियों का आरोप है कि वे इस गंभीर
समस्या को लेकर कई बार पहले भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही थी। आज मजबूरन लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा।महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों की बात सुनी और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद निवासियों ने जाम हटाकर राहत की सांस ली। पाल मोहल्ले के नागरिकों ने जिला प्रशासन और जल संस्थान के आला अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत टैंकरों के माध्यम से पानी भिजवाया जाए और इस भीषण गर्मी में पानी की समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि लोगों को रोज-रोज की इस मुसीबत से निजात मिल सके।


No comments:
Post a Comment