योगी सरकार के मिशन को मिली बड़ी उड़ान, 457 अभ्यर्थी चयनित
देश-प्रदेश की 13 नामचीन कंपनियों ने दी दस्तक
बांदा, के एस दुबे । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर बनाने के अभियान को शुक्रवार को बांदा में एक और बड़ी सफलता मिली। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत राजकीय सेवायोजन कार्यालय बांदा द्वारा आदर्श बजरंग इण्टर कॉलेज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। योगी सरकार के इस सफल प्रयास के चलते मेले में आए 650 बेरोजगार अभ्यर्थियों में से 457 युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए जिससे युवाओं के चेहरे खिल उठे। मेले का उद्घाटन आदर्श बजरंग इण्टर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य मंगल प्रसाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने योगी सरकार की रोजगारपरक नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
देश-प्रदेश की 13 नामचीन कंपनियों ने दी दस्तक
जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में उद्योग और रोजगार का अनुकूल माहौल बना है। इसी का परिणाम है कि इस वृहद रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों की 13 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कड़े साक्षात्कार के बाद योग्यता के आधार पर रिकॉर्ड 457 योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही चयन पत्र सौंपे। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहायक निदेशक (सेवायोजन) वकील अहमद अंसारी, जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल सहित सेवायोजन कार्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment