बांदा कृषि विश्वविद्यालय को योगी सरकार की बड़ी सौगात, करोड़ों की लागत से बनेंगे 2 हाईटेक छात्रावास - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

बांदा कृषि विश्वविद्यालय को योगी सरकार की बड़ी सौगात, करोड़ों की लागत से बनेंगे 2 हाईटेक छात्रावास

छात्राओं की सुविधा के लिए सीएम योगी का एक और बड़ा कदम

योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निर्माण एजेंसी सीएनडीएस तय समय में पूरा करेगी काम

बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय को एक और बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बुलंद इरादे, मजबूत बुनियादी ढांचा' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से दो भव्य और अत्याधुनिक छात्रावासों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। योगी सरकार का यह कदम बुंदेलखंड के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



बेटियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि

योगी सरकार में बेटियों की पढ़ाई, सुरक्षा और सुविधा को हमेशा प्राथमिकता दी गई है। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय की छात्राओं के लिए 11.75 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से एक अत्याधुनिक महिला छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। यह छात्रावास 100 बेड की क्षमता वाला होगा। जिसमें छात्राओं के रहने, खाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। सरकार ने इस परियोजना को रफ्तार देते हुए 14 फरवरी 2027 तक छात्राओं को समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है ताकि दूर-दराज से आने वाली बेटियों को कैंपस में ही सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।


छात्रों के लिए हाई-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर

विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को भी अब रहने की चिंता से मुक्ति मिलने वाली है। योगी सरकार ने छात्रों के लिए 19.73 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल पुरुष छात्रावास की नींव रखी है। इस हाईटेक छात्रावास में कुल 200 कमरे होंगे जो आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यदायी संस्था को इस भव्य पुरुष छात्रावास का निर्माण कार्य हर हाल में 10 नवंबर 2027 तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।


गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय सीमा में बनेंगे छात्रावास

सरकारी धन का सही उपयोग और समय पर काम पूरा करना योगी सरकार की पहचान रही है। भ्रष्टाचार और ढिलाई पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी गई है तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ छात्रावासों को तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर से न केवल बांदा कृषि विश्वविद्यालय की साख बढ़ेगी बल्कि बुंदेलखंड के विकास को भी एक नई और तेज रफ्तार मिलेगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages