बिजली संकट: 25 केवीए ट्रांसफार्मर पर 125 कनेक्शनों का बोझ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 9, 2026

बिजली संकट: 25 केवीए ट्रांसफार्मर पर 125 कनेक्शनों का बोझ

एक साल से संकट झेल रहे दो गांवों के ग्रामीण, 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । हथगाम विकास खंड की ग्राम सभा सिठौरा के नवापुरवा और खुटारेपर गांव के ग्रामीण पिछले एक वर्ष से बदहाल बिजली व्यवस्था से परेशान हैं। दोनों गांवों की विद्युत आपूर्ति एक ही 25 केवीए ट्रांसफार्मर के सहारे की जा रही है, जबकि इस पर करीब 125 बिजली कनेक्शन जुड़े हुए हैं। क्षमता से कई गुना अधिक भार पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक जाता है, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में अंधेरे और पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रांसफार्मर के समक्ष खड़े आक्रोशित ग्रामीण।

ग्रामीणों के अनुसार मई और जून के दौरान बिजली की मांग बढ़ने पर ट्रांसफार्मर महीने में दो से तीन बार खराब हो जाता है। बीती 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान में बिजली पोल टूट जाने से दोनों गांव करीब 15 दिनों तक अंधेरे में डूबे रहे थे। अब एक बार फिर ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार जेई हथगाम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर 25 केवीए की जगह 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की गई, लेकिन विभाग द्वारा हर बार कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर ही भेज दिया जाता है। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण फूल सिंह, श्रीराम, घूरेलाल, मेवालाल, अनिल बाबू और लक्ष्मण सहित अन्य लोगों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता महावीर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर जेई को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages