पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर दिए निर्देश
फतेहपुर, मो शमशाद । उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने जिले के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
![]() |
| परीक्षा केन्द्र राजकीय इंटर कालेज का निरीक्षण करते एडीजी व साथ में एसपी। |
एडीजी ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र के प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। परीक्षा केंद्र में आने वाले अभ्यर्थियों की तलाशी प्रक्रिया, पहचान पत्रों की जांच और प्रवेश व्यवस्था को भी परखा। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने केंद्र के भीतर और बाहर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की तथा कंट्रोल रूम में निगरानी व्यवस्था का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। नकल कराने वाले गिरोहों, फर्जी अभ्यर्थियों अथवा परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटने देने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए। एडीजी ने कहा कि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, लेकिन सुरक्षा मानकों का पूरी सख्ती के साथ पालन हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एडीजी को जनपद में लागू सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी निगरानी, चेकिंग अभियान और सतत गश्त के माध्यम से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी थरियांव सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी के औचक निरीक्षण से परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों में अतिरिक्त सतर्कता देखने को मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment