29 मई को आबकारी आयुक्त से हुई शिकायत, कार्रवाई न होने पर उठे सवाल
फतेहपुर, मो शमशाद । हथगाम कस्बा स्थित सिठौरा मोड़ पर संचालित देशी शराब की दुकान एक बार फिर विवादों में घिर गई है। स्थानीय नागरिकों ने शराब की बिक्री में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि देशी शराब की दुकान से जुड़े ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्धारित समय के पहले और दुकान बंद होने के बाद भी शराब की बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, शराब के पाउच काटकर खुली शराब बेचने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
![]() |
| सीसीटीवी कैमरे का दृश्य। |
हथगाम कस्बे के सिठौरा मोड़ पर स्थित देशी शराब की दुकान (आईडी संख्या-11937, दुकान संख्या-2) के ठेकेदार पर आरोप है कि वह ठेके से सटी अपनी कोल्ड ड्रिंक की दुकान के माध्यम से शराब की बिक्री करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सरकारी नियमों के अनुसार शराब की दुकान बंद हो जाती है, तब भी कोल्ड ड्रिंक की दुकान से ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जाती है। इससे न केवल आबकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे गंभीर आरोप शराब के पाउच काटकर खुली शराब बेचने को लेकर लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि देशी शराब के पाउच को काटकर कम मात्रा में शराब बेची जाती है, जबकि खुले रूप में शराब बेचने का कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है। इस प्रकार की बिक्री से शराब की गुणवत्ता और शुद्धता पर भी प्रश्नचिह्न लग जाते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं तो किसी भी समय जहरीली शराब या अन्य कारणों से बड़ा हादसा हो सकता है। मामले को लेकर शिकायतकर्ता लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने 29 मई को आबकारी आयुक्त प्रयागराज को लिखित शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में शराब की अवैध बिक्री, निर्धारित समय के बाहर बिक्री तथा खुली शराब बेचने जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया था। हालांकि शिकायत भेजे जाने के कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यदि समय रहते इस मामले पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जन सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार इंद्रसेन सिंह द्वारा यदि इसी प्रकार नियमों की अनदेखी कर शराब की बिक्री जारी रखी गई तो भविष्य में किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उधर क्षेत्र के लोगों ने भी आबकारी विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि अन्य दुकानदारों को भी नियमों का पालन करने का संदेश मिल सके।


No comments:
Post a Comment