Pages

Tuesday, September 5, 2023

आज मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

मंदिरों में कर ली गईं पूजा की तैयारियां

जयंती नाम संयोग से मिलेगी सुख शांति

बांदा, के एस दुबे । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर शहर के मंदिरों में विधिवत श्रीकृष्ण जन्म की पूजा-अर्चना के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। शहर के बामदेवेश्वर मंदिर समेत संकट मोचन और अन्य मंदिरों में भी बेहतर इंतजामात किए गए हैं। इसके साथ ही पंडित बालेंद्र द्विवेदी ने बताया कि अबकी जन्माष्टमी पर जयंती नाम सयोग बन रहा है, इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जप, पूजन अर्चन करने से चित्त शुद्धि के साथ ही मन की प्रसन्नता और दीर्घायु की प्राप्ति होती है।

पंडित बालेंद्र द्विवेदी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के मंदिरों में तैयारियां कर ली गई हैं। मंगलवार को मंदिरों की साफ-सफाई किए जाने के साथ ही श्रीकृष्ण जन्म के दौरान होने वाली पूजा-अर्चना की विशेष तैयारियां की गई हैं। शहर के बामदेवेश्वर मंदिर समेत संकट मोचन मंदिर, महेश्वरी देवी और काली देवी मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्म की पूजा का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को बाजार में पूजा-अर्चना के लिए खरीददारी का दौर चला। माखनचोर की पूजा-अर्चना करने के लिए उनके वस्त्र आदि भी खरीदे गए। इधर, पंडित बालेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सोलह कलाओं से युक्त सर्वशक्तिमान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय द्वापरयुग में अष्टमी रोहिणी बुधवार हर्ष येाग का विलक्षण संयोग अबकी बार भी भक्तों को प्राप्त होने जा रहा है। 6 सितंबर बुधवार को इस युति को जयंती नाम संयोग की संज्ञा प्राप्त हैं। गृहस्थ व साधु संतों के लिए भी यह परम श्रेष्ठ योग है। भगवान श्रीकृष्ण के स्मरण, चिंतन, व्रत व जन्मोत्सव मनाने से चित्त शुद्धि, मन की प्रसन्नता, दीर्घायु प्राप्ति होगी। बुधवार को उदयातिथि में भी वैष्णव संप्रदाय व देवस्थानों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।


No comments:

Post a Comment