Pages

Monday, June 30, 2025

डीएम ने विभागीय अधिकारियों को दिए अधिक से अधिक पौधरोपण कराने के निर्देश

चित्रकूट ब्यूरो, सुखेन्द्र अग्रहरि  : पौधरोपण अभियान से सम्बन्धित बैठक सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें डीएम ने एक से सात जुलाई तक चलने वाले पौधरोपण अभियान में सभी विभागों को दिए गए लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी से कहा कि जिन स्थानों पर गोपाल वन, सौर्य वन, ग्राम वन, विरासत वाटिका आदि बनाया जाना है तथा जहां पर पौध रोपण किया जाना है, वहां सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्था कराएं। डीएम ने कहा कि जिन वन रेंजों पर अधिक पौधे रोपित किए जाने है, उन्हें चिन्हित करें ताकि वहां पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से पौधरोपण कराया जा सकें। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से संपर्क करके विद्यालयों के बच्चों के माध्यम

 डीएम ने विभागीय अधिकारियों को दिए अधिक से अधिक पौधरोपण कराने के निर्देश

से भी पौधरोपण कराएं तथा इसके लिए पौधे भी वितरित कराएं। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे से कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन पंप हाउस, ओवरहेड टैंक आदि का निर्माण कार्य कराया गया है, वहां पर भी अधिक से अधिक पौधरोपण कराएं। अधिशासी अधिकारियों से कहा कि पौध रोपण के लिए लक्ष्य के अनुरूप गड्ढा खुदान कराएं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि जो ग्राम पंचायतें मंदाकिनी के किनारे की शहर में शामिल हुई है, उन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत मंदाकिनी के किनारे भी पौध रोपण कराएं। मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि ग्राम वन में पौधरोपण कराने की प्रगति अभी किसी भी विकासखंड स्तर पर समुचित तरीके से नहीं कराई गई है तथा खंड विकास अधिकारियों द्वारा इसमें रुचि नहीं ली जा रही, यह अत्यंत खेदजनक है। खंड विकास अधिकारियों से कहा कि जिन ग्रामों में वन ग्राम बनाकर पौधरोपण कराया जाना है, वहां पर तारबाडी की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से फलदार वृक्ष लगवाएं। इसके लिए जिला उद्यान अधिकारी द्वारा योजना तैयार कराएं। समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद को कुल 72,33,520 पौध रोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसमें जिन विभागों को पौधारोपण का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह सभी पौधों का उठान वन विभाग की नर्सरियों से कराकर एक से सात जुलाई तक चलने वाले पौध रोपण अभियान में पौधरोपण कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कुमार कटियार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पांडेय सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment