Pages

Saturday, June 28, 2025

एडीजे ने संप्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

खराब पड़े वाटर कूलर और खराब मिले सीसीटीवी को चालू कराने की मांग

बांदा, के एस दुबे । अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीपाल सिंह ने शनिवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा। पेयजल व्यवस्था में आरओ सही मिलने और वाटर कूलर खराब होने, एक सीसीटीवी कैमरा खराब होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए। सम्प्रेक्षण गृह के किशोर अपचारियों से भोजन के बारे में अपर जिला जज ने जानकारी हासिल की। बच्चों ने बताया कि सुबह नाश्ते में चने और चाय दिये गये थे, जो कि मीनू के अनुसार था। सचिव ने अपचारियों के शयन कक्ष का निरीक्षण करने पर पाया गया कि उनके कूलरों में घास लगी हुई है। सचिव ने रसोईघर व भण्डार ग्रह का भी निरीक्षण किया। दोपहर का खाना मीनू के अनुसार दिया गया। सचिव ने पीने के पानी की व्यवस्था देखी। इसमें आरओ सही मिला लेकिन वाटर कूलर खराब होने के कारण ठण्डा

बाल अपचारियों से पूछताछ करते अपर जिला जज।

पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बाल अपचारियों के मनोरंजन के लिए टेलीविजन की व्यवस्था है, जो कि चालू हालत में हैं। पूर्व में एक अपचारी भाग गया था जो कि आज तक पकड़ा नहीं गया और कुछ बच्चे ऑन लाइन पढ़ते हुये पाये गये। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि 18 सीसीटीवी लगे हुए हैं। इनमें से एक खराब है। अपर जिला जज ने व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में कटीले तार लगाकर सुरक्षित कर दिया गया है। बाथरुम की दीवारें मात्र चार इंची मोटी हैं, ऊपर टीन शेड डाला गया हैं जिसे धारदार उपकरण से काटा या दीवारों को तोड़ा जा सकता है। सुरक्षा के लिए पुलिस गार्द रूम में तीन पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, निरीक्षण के दौरान एक पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात पाया गया। निरीक्षण के दौरान वीर सिंह, राशिद अहमद अंसारी, डीईओ व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment