Pages

Thursday, June 19, 2025

सीएसजेएमयू शिक्षा की नई ऊँचाइयों पर - बना टेक्नोलॉजी और नवाचार का गढ़

कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग छात्रों को भविष्य की माँगों के अनुरूप तकनीकों में सशक्त बनाने के लिए एआईसीटीई गाइडलाइंस के अनुसार नये माइनर डिग्री प्रोग्राम शुरू किए हैं जो उन्हें उभरती तकनीकों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा और बहुविषयक दक्षता के साथ उनके करियर को नई दिशा देगा। यह निर्णय तेजी से बदलते वैश्विक तकनीकी परिवेश को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिसमें छात्र 18 से 20 क्रेडिट  अर्न कर अपनी मुख्य डिग्री के साथ-साथ माइनर डिग्री भी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को उन्नत तकनीकी दक्षता प्रदान करना, उन्हें रोजगारोन्मुख बनाना और स्टार्टअप व इनोवेशन की संस्कृति को बढ़ावा देना है।


इस कार्यक्रम के अंतर्गत इंजीनियरिंग के पांच प्रमुख विभागों द्वारा विभिन्न विषयों में माइनर डिग्री प्रोग्राम की पेशकश की जा रही है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग  विभाग एआई, एमएल में , इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग आईओटी, एम्बेडेड सिस्टम और वीएलएसआई डिजाइन में , केमिकल इंजीनियरिंग विभाग ग्रीन टेक्नोलॉजी एवं सस्टेनेबिलिटी इंजीनियरिंग, एनर्जी इंजीनियरिंग , मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग  मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग ,और मैटेरियल साइंस एंड मैटलर्जिकल इंजीनियरिंग विभाग इलेक्ट्रॉनिक मैटेरियल्स माइनर डिग्री प्रोग्राम ऑफर कर रहा है।तकनीक के बदलते परिदृश्य में अब केवल पारंपरिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं रह गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई, मशीन लर्निंग इंटरनेट ऑफ थिंग्स एम्बेडेड सिस्टम और वीएलएसआई डिज़ाइन जैसे उभरते क्षेत्रों में दक्षता, छात्रों को न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की भी गारंटी देती है।  सीएसजेएमयू कानपुर यूआईईटी संस्थान द्वारा आरंभ किए गए माइनर डिग्री प्रोग्राम इन सभी क्षेत्रों में छात्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है।

कुलपति प्रो. विनय  पाठक ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और इसके साथ ही उद्योगों की आवश्यकताएं भी। हमारा माइनर डिग्री प्रोग्राम छात्रों को बहुविषयक दृष्टिकोण से तैयार करेगा, जिससे वे इंडस्ट्री के अनुरूप दक्ष बन सकें। यह पहल उन्हें परंपरागत शिक्षा से एक कदम आगे ले जाएगी और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी।  हमारा विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।डीन अकादमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा ने माइनर डिग्री कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को अपनी रूचि और करियर लक्ष्यों के अनुसार विषयों का चयन करने की स्वतंत्रता देता है। यूआईईटी के निदेशक डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि यह माइनर डिग्री कार्यक्रम छात्रों को विश्वस्तरीय टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षित करने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल है। इससे छात्र वैश्विक प्रतिस्पर्धा में न केवल खुद को स्थापित कर सकेंगे बल्कि नवाचार और स्टार्टअप की दिशा में भी अग्रसर होंगे। माइनर डिग्री प्रोग्राम छात्रों को सिर्फ तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योगों की मांग के अनुरूप बहुविषयक दक्षता भी प्रदान करेगा। इससे छात्रों को न केवल कैंपस प्लेसमेंट के दौरान अतिरिक्त वरीयता प्राप्त होगी, बल्कि वे गेट , जीआई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

No comments:

Post a Comment