Pages

Monday, June 23, 2025

गैस एजेंसियों की बैठक में सुरक्षा व उपभोक्ता हितों को लेकर हुआ संवाद

एलपीजी इंडेन ऑयल के नवागंतुक कानपुर डिवीजन का हुआ स्वागत

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गैस एजेंसियों को मिला सम्मान

फतेहपुर, मो. शमशाद । शहर के शादीपुर नाका स्थित द्विवेदी रेस्टोरेंट में सोमवार को जिले की सभी इंडेन गैस एजेंसियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक न सिर्फ औपचारिक संवाद का अवसर थी, बल्कि इंडेन ऑयल के तहत कार्यरत सभी वितरकों, अधिकारियों और उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ी कई गंभीर व संवेदनशील चर्चाओं का मंच भी बनी। बैठक में फतेहपुर जनपद की सभी इंडेन गैस एजेंसियों के वितरक मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में इण्डेन ऑयल कानपुर डिविजन के एलपीजी हेड मानवेंद्र भटनागर, कानपुर डिविजन की मैनेजर सोनम केजरीवाल एवं फतेहपुर इण्डेन सेल्स अधिकारी जरीन अकरम मौजूद रहीं। बैठक की शुरुआत

जिले की गैस एजेंसी संचालकों को सम्मानित करते अधिकारी। 

नवागंतुक अधिकारी मानवेंद्र भटनागर के भव्य स्वागत से हुई। जिले के सभी वितरकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। बैठक का प्रमुख उद्देश्य जिले में इंडेन गैस वितरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की रणनीति, सुरक्षा मानकों की चर्चा और डिजिटल प्रक्रियाओं को लेकर रूपरेखा तय करना था। नवागंतुक अधिकारी और वितरकों के बीच खुले संवाद में अनेक जमीनी समस्याओं पर चर्चा हुई। जिनमें गैस आपूर्ति की समयबद्धता, सिलेंडरों की सुरक्षा, उपभोक्ता शिकायतों का निस्तारण, तथा एजेंसियों के संचालन से जुड़े विषय प्रमुख रहे। मानवेंद्र भटनागर ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि इंडेन अब केवल घरेलू रसोई गैस प्रदाता नहीं, बल्कि स्वच्छ और सुरक्षित जीवनशैली का संवाहक बन चुका है। उन्होंने कहा कि हर सिलेंडर उपभोक्ता के घर में भेजने से पहले उसकी जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए क्या वह सिलेंडर तकनीकी दृष्टि से फिट है, क्या उसमें लीकेज की कोई आशंका तो नहीं यह जिम्मेदारी अब और अधिक गंभीरता से उठानी होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गैस दुर्घटना की स्थिति में संबंधित एजेंसी को दो घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करनी होगी, ताकि उपभोक्ता का जीवन और संपत्ति दोनों सुरक्षित रह सकें। वितरकों को कानपुर डिविजन की प्रबंधक सोनम केजरीवाल ने अपने संबोधन में बताया कि समय पर गैस आपूर्ति अब एजेंसी की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला है। हम अपने सभी बिजनेस पार्टनर्स से अपेक्षा रखते हैं कि वे उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान तत्परता से करें। जल्द ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक घर में जाकर रबड़ की जाँच कराई जाएगी, और यदि वह खराब पाई जाती है, तो तत्काल बदलवाया जाएगा। गैस लीकेज की घटनाओं को रोकने के लिए यह एक ज़रूरी कदम होगा। इण्डेन सेल्स ऑफिसर जरीन अकरम ने जिले की अब तक की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि फतेहपुर सेल्स एरिया लगातार पूरे डिवीजन में सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों पर अव्वल रहा है। हम ग्राहकों को सुरक्षित और समयबद्ध गैस सेवा देने में सबसे आगे हैं। यह जिले के सभी वितरकों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है। उन्होंने एजेंसियों को प्रेरित किया कि वे अपने स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करें, ताकि फतेहपुर डिविजन का नाम पूरे राज्य में आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो। बैठक के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इंडेन गैस एजेंसियों को सम्मानित किया गया। इसमें खागा इंडेन गैस सर्विस, किशनपुर इंडेन गैस सर्विस, बलदानी इंडेन गैस सर्विस, फतेहपुर इंडेन गैस सर्विस के साथ-साथ आश्रम इंडेन गैस सर्विस, ललिता इंडेन गैस सर्विस, वंदना इंडेन गैस सर्विस, असोथर इंडेन गैस सर्विस, शास्त्री इंडेन गैस सर्विस, कौशलेंद्र इंडेन गैस सर्विस और सलमान गैस सर्विस को भी उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। बैठक का समापन सभी प्रतिनिधियों द्वारा लिए गए इस संकल्प के साथ हुआ कि फतेहपुर को इंडेन सेवा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का आदर्श जिला बनाया जाए।


No comments:

Post a Comment