Pages

Wednesday, April 29, 2026

बांदा में भीषण गर्मी के बीच समाजसेवी प्रेम पाण्डेय का सराहनीय कदम, ट्रामा सेंटर को दान किया बड़ा कूलर

बांदा, के एस दुबे । देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार बांदा में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच समाजसेवी प्रेम पाण्डेय ने जनहित को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए एक बड़ा कूलर दान किया। यह कूलर ट्रामा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को सौंपा गया, जिससे वहां आने वाले लोगों को राहत मिल सके। गौरतलब है कि इन दिनों बांदा में तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है। लू और गर्म हवाओं के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में ट्रामा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण विभाग में ठंडक की व्यवस्था बेहद आवश्यक हो जाती है। प्रेम पाण्डेय की इस पहल से न केवल मरीजों बल्कि उनके साथ आने वाले परिजनों को भी बड़ी राहत मिलेगी।


इस पहल के पीछे ट्रामा सेंटर के प्रभारी डॉ. विनीत सचान की अपील भी अहम रही। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए कई समाजसेवियों एवं संबंधित विभागों से ट्रामा सेंटर में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का आग्रह किया था। उसी क्रम एवं प्रेरणा से समाजसेवी प्रेम पाण्डेय आगे आए और यह सराहनीय कदम उठाया। इस अवसर पर प्रेम पाण्डेय ने कहा कि भीषण गर्मी में अस्पताल आने वाले मरीजों की स्थिति को देखते हुए यह छोटा सा प्रयास किया गया है। उन्होंने आगे भी जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।

समाजसेवा में सक्रिय और चर्चित चेहरा

समाजसेवी प्रेम पाण्डेय लंबे समय से क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भीषण गर्मी के दौरान वे नियमित रूप से प्याऊ लगवाने व पेयजल की व्यवस्था कराने जैसी सेवाएं करते रहते हैं, जिससे राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिलती है। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रियता के चलते वे एक चर्चित और भरोसेमंद चेहरे के रूप में पहचाने जाते हैं। इस दौरान ट्रामा सेंटर के सीएमएस आर. कुमार सहित बीपीटी (बांदा प्रेस ट्रस्ट) के ट्रस्टी अनिल तिवारी भी मौजूद रहे। सीएमएस ने इस सहयोग के लिए प्रेम पाण्डेय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलती है और मरीजों को बेहतर सुविधा मिल पाती है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। भीषण गर्मी के इस दौर में इस तरह की पहल निश्चित रूप से मानवता की मिसाल पेश करती है।


No comments:

Post a Comment