Pages

Tuesday, April 28, 2026

जनप्रतिनिधियों ने डीएम-एसपी के सामने खोला समस्याओं का पिटारा

अफसरों को मिला समयबद्ध निस्तारण का अल्टीमेटम

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले की विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन गेस्ट हाउस में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अहम गोष्ठी हुई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं का पिटारा खोल दिया। इस दौरान अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए। पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित इस संयुक्त बैठक में सड़क, बिजली, पानी, राजस्व विवाद, अतिक्रमण, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई विभागों में शिकायतों का निस्तारण अपेक्षित गति से

पुलिस लाइन गेस्ट हाउस में प्रशासन के साथ गोष्ठी करते जनप्रतिनिधि।

नहीं हो रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को लंबित न रखा जाए और तय समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों, भूमि विवादों, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत कर विकास कार्यों को गति देने पर सहमति बनी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनता की छोटी से छोटी समस्या को भी संवेदनशीलता के साथ निपटाया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक भटकना न पड़े। गोष्ठी में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, खागा विधायक कृष्णा पासवान, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल, हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment