Pages

Monday, April 27, 2026

मुख्य विकास अधिकारियों ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : ‘जिला उद्योग बन्धु‘ एवं ‘जिला व्यापार बन्धु‘ की समीक्षा बैठक सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी देवी प्रसाद पाल की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें जनपद के औद्योगिक विकास, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने ‘निवेश मित्र पोर्टल‘ पर लंबित कृषि विभाग के आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत प्राप्त पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए बैंकों को निर्देशित किया ताकि युवाओं को स्वरोजगार में कोई बाधा न आए। एमओयू के संबंध में स्पष्ट किया कि हस्ताक्षरित अनुबंधों के निवेशकों से निरंतर संवाद बनाए रखें, जिससे प्रगति के साथ रैंकिंग में भी सुधार हो सके। व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए उपायुक्त राज्य कर निर्देशित किया। साथ ही व्यापारियों से व्यापार कर से संबंधित सभी आवेदन ‘राज्य कर कार्यालय‘ में


जमा करने का आग्रह किया। सीएमओ ने स्टाम्प पेपर से संबंधित लंबित प्रकरणों व धारा-80 के अंतर्गत स्वीकृति के लिए लंबित मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान व्यापारियों द्वारा बताई गई विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के भी त्वरित समाधान के लिए सीएमओ ने सम्बन्धितों को निर्देशित किया तथा व्यापारियों से उद्यम रजिस्ट्रेशन, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण, क्रय-भंडारण पंजीकरण एवं अनिवार्य रूप से जीएसटी पंजीकरण कराने का आग्रह किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्रशेखर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, उप जिलाधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र एस.के. केसरवानी, उपायुक्त (राज्य कर) विक्रम अजीत, एआईजी (स्टाम्प) राजेश कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त आर.के. गुप्ता, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अरुण कुमार गुप्ता, गिरीश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment