Pages

Sunday, April 26, 2026

पच्चीस हजार का ईनामी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दबोचा

चेन लूट व गैर इरादतन हत्या के मामले में था वांछित

24 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर निकला बदमाश

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चांदपुर और बिन्दकी पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश धरमवीर उर्फ राज लोधी उर्फ उगलेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि धरमवीर चांदपुर थाना क्षेत्र के धमनाखुर्द रोड पर हुई सनसनीखेज वारदात के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर जब चांदपुर व बिन्दकी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की तो बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धरमवीर के

घायल बदमाश को लेकर जाती पुलिस।

पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही धराशायी हो गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीली धातु की चेन, अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाश मु0अ0सं0 50/2026 धारा 304(2) बीएनएस के मामले में वांछित था। इतना ही नहीं, धरमवीर उर्फ राज लोधी थाना बिन्दकी का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस रिकार्ड खंगालने पर उसके खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में हत्या, लूट, मारपीट, अवैध शस्त्र और अन्य गंभीर धाराओं में अब तक 24 मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन भी पुलिस खंगाल रही है। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस महकमे में जहां राहत है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी शातिर बदमाश की गिरफ्तारी पर चैन की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।


No comments:

Post a Comment