Pages

Saturday, April 25, 2026

बांदा कलक्ट्रेट में विश्वकर्मा समाज का प्रदर्शन

गाजीपुर घटना व पूर्व मंत्री पर हमले के विरोध में सौंपा ज्ञापन

बांदा, के एस दुबे । शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा, बांदा इकाई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। उन्होंने गाजीपुर जनपद के थाना करण्डा क्षेत्र के ग्राम कटरिया में हुई जघन्य घटना तथा पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले के विरोध में राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम कटरिया निवासी सियाराम विश्वकर्मा की नाबालिग पुत्री निशा के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना को छिपाने के लिए शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया, जिससे पूरे समाज में आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे पूर्व मंत्री रामआसरे


विश्वकर्मा पर रास्ते में हमला किया गया। कहा गया कि प्रशासनिक अनुमति के बावजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह आशु एवं उनके समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में पथराव किया, जिसमें पूर्व मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए तथा कई कार्यकर्ता भी चोटिल हुए। महासभा के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मौके पर मौजूद पुलिस ने हमलावरों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे उनका मनोबल बढ़ा।

ज्ञापन के माध्यम से समाज ने प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि पूर्व मंत्री पर हमले के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, नाबालिग पीड़िता के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाई जाए, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा व सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लापरवाह पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के दौरान ग्राम विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार शर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment