Pages

Sunday, May 10, 2026

एक दिन में निपटे लाखों के मुकदमे, चित्रकूट लोक अदालत बनी राहत का दरबार

करोड़ों की वसूली ने बनाया नया रिकॉर्ड 

चित्रकूट, मो शमशाद । जनपद न्यायालय शनिवार को उस समय न्याय और समझौते के अनोखे संगम का साक्षी बना, जब राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में हजारों मामलों का चौंकाने वाली गति से निस्तारण किया गया। जनपद न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अदालत परिसर में दिनभर न्यायिक अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और फरियादियों की हलचल बनी रही। सबसे भावुक पल तब आया जब वर्षों से

लोक अदालत का शुभारम्भ करते अधिकारीगण

अलग रह रहे पांच दंपतियों को आपसी सुलह के बाद पुनः एक साथ भेजा गया। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण ने पीड़ितों को 47 लाख रुपये का प्रतिकर दिलाकर बड़ी राहत दी, जबकि परिवार न्यायालय ने समझौते के जरिए कई परिवारों की टूटती डोर फिर जोड़ दी। विभिन्न न्यायालयों द्वारा फौजदारी, सिविल, उत्तराधिकार, बैंक ऋण एवं उपभोक्ता मामलों सहित कुल 1,19,470 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान अर्थदंड, प्रतिकर एवं बैंक ऋण वसूली के रूप में कुल 3 करोड़ 53 लाख 79 हजार 706 रुपये की वसूली हुई। अदालत परिसर में पूरे दिन यही चर्चा रही कि जब न्याय संवाद और सहमति के रास्ते पर चलता है, तो वर्षों पुराने विवाद भी कुछ घंटों में खत्म हो जाते हैं।


No comments:

Post a Comment