Pages

Friday, May 1, 2026

सदर कोतवाली पहुंचे एसपी, अभिलेखों से हवालात तक खंगाली व्यवस्था

लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी, समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले की पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने में जुटे पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को अचानक शहर कोतवाली पहुंचकर थाना व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। एसपी के तेवर उस समय और सख्त दिखे जब अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों और विवेचनाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने जिम्मेदारों से जवाब-तलब किया। थाना परिसर की साफ-सफाई से लेकर मालखाना, हवालात, कार्यालय अभिलेख, सीसीटीएनएस कक्ष और फरियादियों से जुड़े रिकॉर्ड तक हर बिंदु पर बारीकी से पड़ताल की गई। थाना कोतवाली के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मालखाना में रखे मुकदमाती माल की स्थिति देखी, हवालात की सुरक्षा व्यवस्था परखी तथा कार्यालय में संधारित

सदर कोतवाली का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

रजिस्टरों और अभिलेखों का मिलान कराया। निरीक्षण के दौरान कई बिंदुओं पर उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और अद्यतन प्रविष्टियों को लेकर थाना स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत थाना सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी ने सीसीटीएनएस प्रणाली की प्रगति, लंबित मुकदमों के निस्तारण, विवेचनाओं की गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मुकदमे में समयबद्ध, निष्पक्ष तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। एसपी ने संबंधित विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं, फरियादियों को अनावश्यक दौड़ न लगानी पड़े और प्रत्येक कार्रवाई का डिजिटल रिकॉर्ड सीसीटीएनएस पर तत्काल अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता दिखनी चाहिए तथा मुकदमों की विवेचना ऐसी हो कि न्यायिक प्रक्रिया में उसका प्रभावी उपयोग हो सके। बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने थाना प्रभारियों और अधीनस्थ स्टाफ को सतर्क रहने की हिदायत दी। संवेदनशील बिंदुओं पर निगरानी बढ़ाने, गश्त व्यवस्था को मजबूत रखने तथा फरियादियों से शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने साफ कहा कि थाना ही पुलिस की पहली छवि होता है, इसलिए यहां की व्यवस्था, जवाबदेही और कार्यकुशलता हर हाल में बेहतर दिखनी चाहिए।


No comments:

Post a Comment