चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
फतेहपुर, मो शमशाद । सदर कोतवाली क्षेत्र की शिवपुरम कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब बीस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और पचास हजार रुपये नगद पार कर दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के बाभनपुरवा गांव निवासी आनंद कुमार त्रिवेदी पिछले दो वर्षों से शहर के कलक्टरगंज स्थित शिवपुरम कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे हैं। बुधवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी बीनू त्रिवेदी करीब 11 बजे बच्चों के साथ मायके
बड़नपुर में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने चली गईं। इसके बाद मकान पूरी तरह सूना हो गया। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बजाय उसे फैलाकर अंदर घुसे बदमाशों ने घर के कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला। स्टोर रूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नगदी पार कर दी। शाम करीब चार बजे जब आनंद कुमार त्रिवेदी घर लौटे तो गेट की स्थिति देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment