स्टंट करना पड़ा महंगा, ट्रैक्टर सीज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 3, 2026

स्टंट करना पड़ा महंगा, ट्रैक्टर सीज

नाबालिग को ट्रैक्टर देने पर पिता गिरफ्तार

फतेहपुर, मो शमशाद । सोशल मीडिया पर ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होना वाहन स्वामी और उसके परिवार के लिए भारी पड़ गया। बकेवर थाना पुलिस ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए ट्रैक्टर मालिक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि स्टंट में प्रयुक्त ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले भर में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जांच शुरू की। वायरल वीडियो में एक युवक गांव के खेतों में ट्रैक्टर को अनियंत्रित ढंग से दौड़ाते हुए खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। स्टंट के दौरान आसपास मौजूद लोगों की जान जोखिम में पड़ती साफ

पुलिस टीम की गिरफ्त में पिता।

नजर आ रही थी। जांच में पता चला कि स्टंट कर रहा चालक नाबालिग है और ट्रैक्टर संख्या यूपी-71एएच/8360 ग्राम मोहिद्दीनपुर निवासी अजय कुमार पुत्र शिवचरन लाल के नाम पंजीकृत है। आरोप है कि अजय कुमार ने यह जानते हुए भी कि उसका पुत्र नाबालिग है और अक्सर स्टंटबाजी करता है, उसे ट्रैक्टर चलाने के लिए दे दिया। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए वाहन स्वामी और स्टंट करने वाले के खिलाफ थाना बकेवर में मुकदमा अपराध संख्या 61/2026 धारा 281/125 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। रविवार को बकेवर पुलिस ने वाहन स्वामी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आमजन की जान-माल को भी गंभीर खतरा रहता है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages