बांदा, के एस दुबे । सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बांदा विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देते हुए लगभग ₹1.48 करोड़ की लागत से निर्मित 9 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण किया। रविवार को ग्राम पंचायत पल्हरी, शहर बांदा के वार्ड नंबर-19 धीरज नगर तथा ग्राम पंचायत लडकापुरवा के गंगा नगर मोहल्ले में बुंदेलखंड विकास निधि एवं विधायक निधि से निर्मित संपर्क मार्ग, सीसी रोड और नाली निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रकाश द्विवेदी ने ग्राम पंचायत पल्हरी में ₹88.68 लाख की लागत से निर्मित पंचायत भवन से चौधरी के पुरवा तक मुख्य संपर्क मार्ग का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके अलावा गांव के विभिन्न मोहल्लों में लगभग ₹33 लाख की लागत से निर्मित कई सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों को भी जनता को समर्पित किया गया। वहीं शहर बांदा के धीरज नगर तथा ग्राम पंचायत लडकापुरवा के गंगा नगर मोहल्ले में लगभग ₹26.40 लाख की लागत से निर्मित तीन प्रमुख सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों से स्थानीय लोगों को खराब सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने के साथ आवागमन अधिक सुगम होगा।
इस अवसर पर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बांदा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा। सड़क, नाली एवं संपर्क मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू, जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय, जिला मंत्री राजर्षि शुक्ला, नगर महामंत्री आशीष शुक्ला, अभय प्रताप सिंह, धीरू गौतम, सभासद योगेंद्र योगी, सज्जन द्विवेदी, डॉ. रामराज गुप्ता आनंद, नगर मंत्री वंदना त्रिपाठी, आशीष पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि पल्हरी ओमप्रकाश प्रजापति सहित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment