Pages

Thursday, June 25, 2026

दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार

बांदा, के एस दुबे । पुलिस ने मुस्तैदी और आधुनिक तकनीक का सटीक इस्तेमाल करते हुए दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को घटना की सूचना मिलने के मात्र 14 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों सहित ताला तोड़ने के औजार भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व क्षेत्राधिकारी अतर्रा सुश्री प्रतिज्ञा सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना अतर्रा पुलिस द्वारा की गई है।


बिसण्डा थाना क्षेत्र के लखमी थोक निवासी देवदत्त पुत्र कल्लू प्रसाद ने 23 जून देर शाम अतर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अतर्रा तहसील के सामने स्थित उनकी दुकान का 22 और 23 जून की दरमियानी रात किसी अज्ञात चोर ने ताला तोड़ दिया और दुकान के अंदर रखा लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस, की-बोर्ड आदि सामान चोरी कर ले गया। तहरीर मिलते ही पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश के लिए टीमों का गठन किया। घटना के खुलासे के लिए अतर्रा पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान स्थापित की। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए गल्ला मंडी के पीछे से अभियुक्त को चोरी के माल के साथ दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेश पुत्र रामबालक, निवासी गोबरिया बुजुर्ग भैसौदा, थाना भरतकूप, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। अभियुक्त के खिलाफ थाना अतर्रा में बीएनएस  के तहत मामला पंजीकृत कर उसे जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी ने और कहां-कहां इस तरह की चोरियां की हैं, साथ ही उसके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। इस त्वरित खुलासे में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप, कांस्टेबल अजय प्रजापति और कांस्टेबल रविन्द्र श्रीवास की मुख्य भूमिका रही।


No comments:

Post a Comment