बांदा, के एस दुबे । जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अपराध नियंत्रण, न्यायालयों में लंबित महत्वपूर्ण वादों की स्थिति, अभियोजन की प्रगति, दोषसिद्धि दर तथा कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस एवं अभियोजन विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने गंभीर अपराधों, महिला एवं बाल अपराधों, संगठित अपराध तथा जनहित से जुड़े संवेदनशील मामलों में सशक्त पैरवी कर दोषियों को शीघ्र दंडित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने न्यायालयों में विचाराधीन महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा अभियोजन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों एवं विवेचकों को बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, अपराध नियंत्रण की कार्यवाही तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें। बैठक में पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।


No comments:
Post a Comment