Pages

Friday, June 5, 2026

फ्लाईओवरों पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग, जिला अधिवक्ता संघ ने मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

बांदा, के एस दुबे । जिला अधिवक्ता संघ, बांदा ने शहर के विभिन्न फ्लाईओवरों पर सुरक्षा की दृष्टि से जाली लगाए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्रेषित पत्र में कहा गया है कि बांदा में बने कई ऊंचे फ्लाईओवरों पर सुरक्षा जाली नहीं लगी है, जिसके कारण समय-समय पर लोग पुलों से कूदकर आत्महत्या जैसे कदम उठा लेते हैं। इसके अलावा कुछ लोग पुलों से कूड़ा-कचरा भी नीचे फेंकते हैं, जिससे नदियों और आसपास के वातावरण को नुकसान पहुंचता है।


अधिवक्ता संघ का कहना है कि फ्लाईओवरों पर ऊंची सुरक्षा जाली लगाए जाने से आत्महत्या की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है और लोगों के अमूल्य जीवन को बचाया जा सकता है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अवसाद या अन्य मानसिक तनाव की स्थिति में लोग जल्दबाजी में गलत निर्णय ले लेते हैं, ऐसे में सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं। जिला अधिवक्ता संघ ने मंडलायुक्त से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर बांदा के फ्लाईओवरों पर शीघ्र सुरक्षा जाली लगवाने की मांग की है। इस पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव एवं जिलाधिकारी बांदा को भी भेजी गई है।


No comments:

Post a Comment