Pages

Saturday, June 20, 2026

डीएम अमित आसेरी की प्रेरणा से शीतल जल एवं छबील वितरण कैंप ने पूरा किया अर्धशतक

बांदा, के एस दुबे । भीषण गर्मी, हीटवेव और लू से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अमित आसेरी की प्रेरणा से संचालित शीतल जल एवं छबील वितरण अभियान ने शुक्रवार को अपने 50 दिन पूरे कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। लगातार 50 दिनों तक चले इस जनसेवा अभियान के माध्यम से हजारों राहगीरों को शीतल जल, छबील, पेठा, चना, झलमूरी और बिस्किट वितरित कर राहत प्रदान की गई। बुंदेलखंड की तपती गर्मी के बीच संचालित इस अभियान को जनसहयोग का व्यापक समर्थन मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों तथा सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। अभियान के 50वें दिन पीडब्ल्यूडी परिवार ने छबील वितरण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर एडीएम न्यायिक माया शंकर यादव, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी


सीडी-1 आर.के. सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी सीडी-2 आर.के. सोनकर, पीडब्ल्यूडी कॉन्ट्रैक्टर यूनियन के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, अंतरराष्ट्रीय शूटर रामेंद्र शर्मा, समाजसेवी एवं पत्रकार सुनील सक्सेना तथा यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और राहगीरों को छबील वितरित कर सेवा कार्य में सहयोग दिया। जिलाधिकारी अमित आसेरी की इस अभिनव पहल की आमजन ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा यह अभियान न केवल राहगीरों को राहत पहुंचा रहा है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को भी मजबूत कर रहा है।

उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से संचालित यह अभियान मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। भीषण गर्मी के बीच लगातार 50 दिनों तक सेवा कार्य जारी रखना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। गौरतलब है कि जिलाधिकारी अमित आसेरी की प्रेरणा से शुरू हुआ यह अभियान अब सेवा के 50 दिन पूरे कर एक नए कीर्तिमान की ओर अग्रसर है और जनहित के क्षेत्र में प्रशासन की संवेदनशीलता एवं जनसहयोग की मिसाल बनकर उभरा है।


No comments:

Post a Comment