Pages

Wednesday, June 3, 2026

विधायक ओममणि वर्मा ने किया बीपीएचयू भवन का उद्घाटन

नरैनी /बांदा, के एस दुबे । क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा जनसुलभ बनाने की दिशा में बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी में नवनिर्मित बीपीएचयू भवन का भव्य उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक ओममणि वर्मा ने फीता काटकर किया। इस आधुनिक यूनिट के शुरू होने से अब स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को 125 प्रकार की पैथोलॉजी जांचों की सुविधा मिल सकेगी। उद्घाटन के अवसर पर विधायक ओममणि वर्मा ने कहा कि नवीन भवन के क्रियाशील होने से नरैनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर व आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने घर के पास ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप पूरी ईमानदारी से जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य


सेवाएं उपलब्ध कराएं। इस यूनिट के शुरू होने से अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों को छोटी-बड़ी जांचों के लिए जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे उनकी आर्थिक बचत होगी और समय भी बचेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ. विकास यादव ने बीपीएचयू की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस जांच केंद्र में शासन द्वारा निर्धारित कुल 125 प्रकार के टेस्ट चरणबद्ध तरीके से संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र पर महत्वपूर्ण जांचें सफलतापूर्ण शुरू कर दी गई है। सभी आधुनिक सुविधाओं के स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से क्षेत्रीय जनता को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता वाली रिपोर्ट मिल सकेगी। इससे मरीजों की बड़े चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। इस गरिमामयी उद्घाटन कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास यादव के साथ ब्लॉक प्रमुख मनफूल सिंह पटेल, आदित्य चतुर्वेदी, उदयभान सिंह, भीष्म नारायण गिरी और प्रज्ञा गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र के तमाम चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment