18 दिन बाद खत्म हुआ आजाद क्रांति पार्टी का धरना - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 1, 2026

18 दिन बाद खत्म हुआ आजाद क्रांति पार्टी का धरना

डीएम के लिखित आश्वासन के बाद सपन्न हुआ आंदोलन

बांदा, के एस दुबे । महाराजा खेत सिंह खंगारजू देव जी की सम्मानजनक प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर पिछले 18 दिनों से चल रहा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आखिरकार रंग लाया। जिला प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच हुई सकारात्मक वार्ता और जिलाधिकारी के लिखित आश्वासन के बाद आजाद क्रांति पार्टी ने आंदोलन को सफलतापूर्वक समाप्त करने की घोषणा की। बीती 30 जून की देर रात जिलाधिकारी महोदय ने आजाद क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। कलेक्ट्रेट में हुई विस्तृत चर्चा के बाद जिलाधिकारी ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि प्रतिमा स्थापना हेतु शासन को आवश्यक पत्र प्रेषित कर दिया गया है। उन्होंने तीन माह के भीतर महाराजा खेत सिंह खंगारजू देव जी की प्रतिमा का सम्मानजनक निर्माण एवं स्थापना प्रक्रिया पूर्ण कराने का लिखित भरोसा दिया, जिसकी प्रति भी प्रतिनिधिमंडल को सौंपी गई।


वार्ता के उपरांत प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद समाजजनों और कार्यकर्ताओं को जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र पढ़कर सुनाया और आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने एक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला और एडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक पत्रों की हार्ड कॉपी प्राप्त की। इसके बाद जिलाधिकारी महोदय ने स्वयं धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों का सम्मान किया और उन्हें पुष्पमालाएं पहनाईं। धरना समाप्ति की घोषणा होते ही आंदोलनकारियों और समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जनसंघर्ष की सफलता का उत्सव मनाया।

आजाद क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमर सिंह राठौर ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह जीत समाज की एकता और लोकतांत्रिक संघर्ष की शक्ति का परिणाम है। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि निर्धारित 3 महीने की समय-सीमा के भीतर महाराजा खेत सिंह की प्रतिमा की सम्मानजनक स्थापना नहीं होती है, तो पार्टी राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पुनः उग्र आंदोलन का मार्ग अपनाने के लिए बाध्य होगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages