Pages

Wednesday, July 1, 2026

जिले में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान शुरू

डीएम ने आम का पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

फतेहपुर, मो शमशाद । प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाभियान के तहत 01 से 07 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे वन महोत्सव एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में आम का पौधा रोपित कर किया। डीएम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

आम का पौध रोपित कर अभियान का शुभारंभ करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना है, ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने प्रभारी वनाधिकारी को निर्देशित किया कि वन महोत्सव के दौरान जनपद को प्राप्त पौधरोपण लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और निगरानी संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान सफल और सार्थक बन सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर उपजिलाधिकारी, प्रभारी वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment