बाँदा, के एस दुबे । जनता दल यूनाइटेड के दिव्यांग प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जिले में 'दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016' के पूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष (दिव्यांग प्रकोष्ठ) बिहारी लाल अनुरागी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को समान अवसर, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और न्याय प्रदान करना है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पूर्ण पालन नहीं हो रहा है । उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016
को पूरी तरह से लागू सुनिश्चित किया जाए। सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, न्यायालयों, थानों और सार्वजनिक भवनों को दिव्यांगजनों के लिए पूरी तरह से 'सुगम' बनाया जाए। थानों और पुलिस चौकियों में दिव्यांगजनों की शिकायतों को तत्काल दर्ज कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। इसके साथ ही, फोन कॉल के माध्यम से दिव्यांगजनों की शिकायतों का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में बिहारी लाल अनुरागी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment