सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम, तैयारियों में जुटा अमला
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 8 और 9 जुलाई को बुंदेलखंड के बांदा व चित्रकूट जनपदों में प्रस्तावित हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अमला पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के आगमन में अब चंद घंटे ही शेष हैं, जिसके मद्देनजर दोनों जनपदों में तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने से लेकर शहर को चमकाने तक का काम रात-दिन किया जा रहा है। प्रयागराज जोन के आला पुलिस अधिकारियों ने बांदा में डेरा डाल दिया है, ताकि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर रत्ती भर भी चूक न होने पाए।
मुख्यमंत्री के रूट और कार्यक्रम स्थलों को सुव्यवस्थित करने के लिए नगर पालिका और प्रशासनिक टीमें सड़कों पर उतरी हुई हैं। बांदा शहर के पुलिस लाइन से लेकर कालू कुआं और अवंतीबाई चौराहे तक नगर पालिका की टीम द्वारा सघन अभियान चलाकर सड़क किनारे से सभी अस्थायी अतिक्रमणों को हटा दिया गया है। पटरी दुकानदारों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ और चौड़ा किया गया है। इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों का रंग-रोगन और विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे बांदा को वीवीआईपी मूवमेंट के लिए तैयार किया जा रहा है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए खुद जिलाधिकारी अमित आसेरी लगातार ग्राउंड जीरो पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने जेएन डिग्री कॉलेज मैदान पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल, बन रहे विशाल पंडाल, हेलीपैड और सुरक्षा घेरे का बारीकी से निरीक्षण किया। सुरक्षा की कमान खुद प्रयागराज जोन के एडीजी, आईजी और डीआईजी ने संभाल रखी है। स्थानीय पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल, पीएसी और खुफिया एजेंसियों को मुस्तैद कर दिया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को चित्रकूट और 9 जुलाई को बांदा में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे बुंदेलखंड को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र की ऐतिहासिक विभूतियोंकृवीरांगना अवंतीबाई, रानी दुर्गावती और महाराजा खेत सिंह खंगार की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किए जाने की भी प्रबल संभावना है।
बांदा में वर्तमान में चल रहे किसान आंदोलनों और विभिन्न विपक्षी दलों द्वारा विरोध प्रदर्शन की सुगबुगाहट को देखते हुए खुफिया तंत्र (एलआईयू) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। चकबंदी विवाद को लेकर अनशन पर बैठे किसानों ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने की इच्छा जताई है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा के ऐसे चक्रव्यूह तैयार किए गए हैं कि मुख्य कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या व्यवधान की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री का दौरा जनपद के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम स्थल, मंच, पंडाल और सुरक्षा की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं। सभी विभागों को मुस्तैद रहने और वीवीआईपी प्रोटोकॉल का पूरी कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब पूरे बुंदेलखंड की निगाहें मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय दौरे पर टिकी हैं, जहां से क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

No comments:
Post a Comment