Pages

Sunday, July 12, 2026

जनता की समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता

डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल ने मटौंध थाने में सुनीं जन-शिकायतें

बांदा, के एस दुबे । शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए शनिवार को मटौंध थाने में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने खुद मोर्चा संभालते हुए जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के मुखिया ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ


सुना। मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मातहत अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी नागरिक अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाए। जनता को उनके घर के पास ही त्वरित न्याय मिलना चाहिए।

राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों को लेकर उन्होंने निर्देश दिया कि दोनों विभागों की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करे और समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करे। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कानून व्यवस्था को मजबूत रखने और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए छोटे-छोटे विवादों के समय पर समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर छोटे विवाद ही बाद में बड़ी घटनाओं का रूप ले लेते हैं, इसलिए जमीनी स्तर पर ही सजग रहकर छोटे-छोटे आपसी और जमीनी विवादों को समय रहते सुलझा लिया जाए, ताकि बड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और थाना स्टाफ मौजूद रहा, जिन्हें लंबित मामलों को जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से निपटाने की हिदायत दी गई।


No comments:

Post a Comment