Pages

Thursday, July 16, 2026

फरसे से हमला करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बबेरू कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर फरसे से जानलेवा हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 20 दिसंबर 2025 की है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मण्ठा गाँव निवासी अमर सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके भतीजे को घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरसे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद बबेरू कोतवाली में मुकदमा


पंजीकृत कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में, गुरुवार को बबेरू कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त जन्मेजय पुत्र कालिका निवासी ग्राम भभुवा थाना मरका को बबेरू बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 'फरसा' भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्हें भी जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा।गिरफ्तारी टीम में शामिल उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह और कांस्टेबल रवि कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment