घटिया सामग्री व सुस्त निर्माण पर जताई नाराजगी
अधिशाषी अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण, समयबद्ध व मानक के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश
फतेहपुर, मो शमशाद । जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मंगलवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण में प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने और निर्माण कार्य में शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
![]() |
| निर्माणाधीन सेंटर आॅफ एक्सीलेंस का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। |
डीएम ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) के अधिशाषी अभियंता से मामले में स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए तथा परियोजना को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कार्यदायी संस्था में हड़कंप मच गया। उन्होंने दोहराया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment