Pages

Monday, July 13, 2026

कब्रिस्तान की बाउंड्री पर अवैध अतिक्रमण का आरोप, कार्रवाई की मांग

कमेटी ने एसडीएम व नगर पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन 

राजस्व व पुलिस टीम भेजने की अपील

अतिक्रमण से पवित्रता, सुरक्षा और आवागमन प्रभावित होने का दावा

बांदा, के एस दुबे । शहर के आजाद नगर स्थित कच्चे तालाब कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के पास कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर कब्रिस्तान कमेटी और स्थानीय लोगों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल से सटाकर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां, टीन शेड और अन्य निर्माण किए जा रहे हैं। इससे कब्रिस्तान की गरिमा और पवित्रता प्रभावित हो रही है। साथ ही मुख्य मार्ग पर गंदगी, आवागमन में बाधा तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की बात कही गई है। कमेटी


का कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद संबंधित लोग निर्माण कार्य नहीं रोक रहे हैं और विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। ऐसे में भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि राजस्व विभाग और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए तथा दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान कब्रिस्तान कमेटी अध्यक्ष रईस अहमद उर्फ अच्छे, उपाध्यक्ष वसीम अली, मेराज अली, मोईन सिद्दीकी, वार्ड सदस्य इरफान खान, एडवोकेट वाजिद अली, रईस, रिजवान, फराज खान सहित कमेटी के सदस्य एवं मोहल्लेवासी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment