हाफिजपुर हरकरन में चला जागरूकता अभियान
फतेहपुर, मो शमशाद । जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकास खंड खजुहा की ग्राम पंचायत हाफिजपुर हरकरन में बुधवार को जल अर्पण कार्यक्रम एवं डायरिया रोकथाम जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की टीम ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के उपयोग, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में आईएसए कोऑर्डिनेटर शिवबहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल का नियमित उपयोग करने से जलजनित बीमारियों से बचाव संभव है और इलाज पर होने वाले अनावश्यक खर्च में भी कमी आती है। उन्होंने बताया कि दूषित पानी और स्वच्छता के प्रति लापरवाही डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल के
![]() |
| जागरूकता अभियान में भाग लेती टीम व ग्रामीण। |
साथ व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता को भी अपनाना चाहिए। ग्राम प्रधान सत्येंद्र ने ग्रामीणों से पानी का दुरुपयोग न करने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने वर्षा जल संचयन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए हर व्यक्ति को वर्षा जल संरक्षण के प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में बताया गया कि हाफिजपुर हरकरन की पेयजल योजना पिछले एक वर्ष से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति मिल रही है। योजना के सफल संचालन से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान जल जीवन मिशन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी ग्रामीणों के साथ साझा की गईं। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर सऊद सिद्दीकी, जीआईएस एक्सपर्ट जितेंद्र, निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज सक्सेना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment