Pages

Wednesday, July 15, 2026

विश्व युवा कौशल दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, सजी कौशल प्रदर्शनी

अयाह शाह विधायक ने किया शुभारंभ, तेरह युवाओं को मिले ऑफर लेटर

फतेहपुर, मो शमशाद । विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को कौशल प्रदर्शनी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिव शंकर सिंह, भाजपा जिला मंत्री प्रसून तिवारी एवं अरिमर्दन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। नवनिर्मित आईटीआई भवन में आयोजित कौशल प्रदर्शनी में विभिन्न ट्रेडों एवं कौशल विकास के जॉब रोल से जुड़े स्टॉल लगाए गए। प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन किया गया और आगंतुकों को आधुनिक कौशल एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन डॉ. राजकुमार

युवाओं को सम्मानित करते विधायक विकास गुप्ता बब्लू।

सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रदर्शनी का अवलोकन कराया तथा विभिन्न ट्रेडों की उपयोगिता से अवगत कराया। अपने संबोधन में विधायक विकास गुप्ता ने विश्व युवा कौशल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से हुनरमंद बनकर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वहीं विभाग प्रचारक शिव शंकर सिंह ने युवाओं से अपने कौशल को विकसित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। भाजपा जिला मंत्री प्रसून तिवारी ने प्रेरक कहानी के माध्यम से कौशल के महत्व को समझाया। समारोह के दौरान आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का उद्यम संचालित कर रहीं श्रद्धा सिंह तथा लघु सिंचाई विभाग, डलमऊ रायबरेली में बोरिंग टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत शिखा देवी को जनपद का आइकॉन घोषित कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा परीक्षा मूल्यांकन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। रोजगार मेले में चयनित 13 प्रशिक्षार्थियों को ऑफर लेटर भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन कौशल विकास की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ।


No comments:

Post a Comment