देवेश प्रताप सिंह राठौर
बांगरमऊ, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सर्पदंश की घटनाओं में एक युवक और एक महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। क्षेत्र के ग्राम काजीपुर निवासी एहसान पुत्र शमशाद खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। खेत में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन सरकारी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया। उधर क्षेत्र के ग्राम पुरहनिया निवासी रमेश पाल की पत्नी रेनू पाल भी
सर्पदंश का शिकार हो गईं। घटना के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां उनका भी उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में खेतों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।

No comments:
Post a Comment