Pages

▼

Saturday, August 8, 2026

तत्परता से किया जाये शिकायतों का निस्तारण : डीएम

थाना समाधान दिवस में डीएम, एसपी ने दिये मातहतों को निर्देश

बांदा, के एस दुबे । जनसमस्याओं के समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए कटिबद्ध जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को जनपद के विभिन्न थानों में श्थाना समाधान दिवसश् का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कोतवाली नगर बांदा में जिलाधिकारी बांदा अमित सिंह आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से उपस्थित होकर आम जनमानस की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना।


इस दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, आपसी रंजिश, चकमार्गों पर अतिक्रमण, पथरगड्डी एवं पुलिस-राजस्व से जुड़े संयुक्त मामले अधिकारियों के समक्ष आए। कई प्रकरणों में अभिलेखों की मौके पर ही जांच कर संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी ढंग से समाधान कराने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अमित सिंह आसेरी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या केवल कागजी खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलना ही समाधान दिवस की असली सफलता है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मातहतों को हिदायत दी कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मिश्रित मामलों में दोनों विभागों की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर भेजी जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में विवाद गहराने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो, वहां पुलिस तुरंत स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष व प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। भूमि विवाद से जुड़े सभी मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर अभिलेखों के आधार पर पारदर्शी कार्रवाई करेगी। सरकारी या सार्वजनिक भूमियों और चकमार्गों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी पीड़ित को एक ही शिकायत लेकर बार-बार थानों व दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, समयसीमा के भीतर शिकायत का स्थायी समाधान किया जाए। विवादित मामलों को चिह्नित कर अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि शांति-व्यवस्था बनी रहे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगर, थाना प्रभारी कोतवाली नगर, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपालों सहित पुलिस व नागरिक प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment