बांदा, के एस दुबे । तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंधनकला में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने पूर्व सेक्टर अध्यक्ष रामसुफल नेता के आवास पहुंचकर उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। बसपा नेताओं ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा। बताया गया कि 03 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे पैलानी पुल के ऊपर सड़क दुर्घटना में रामसुफल नेता के 30 वर्षीय पुत्र विनोद की मौत हो गई थी। परिजनों के मौके पर पहुंचने तक विनोद दम
तोड़ चुके थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद बसपा के जिला संयोजक शिवबरन वर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी सिंधनकला पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान चित्रकूटधाम मंडल के मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर बल्देव वर्मा, जिलाध्यक्ष रामसेवक प्रजापति, कोषाध्यक्ष कमलाकांत त्रिवेदी, मंडल प्रभारी लल्लू निषाद, जिला सचिव मलखे श्रीवास, विधानसभा अध्यक्ष कुंज बिहारी प्रजापति तथा सुल्तान प्रजापति समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बसपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के सुख-दुःख में भी उनके साथ खड़ी रहती है। उन्होंने दिवंगत विनोद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

No comments:
Post a Comment