महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने धरना देकर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर, मो शमशाद । आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश ने नहर कालोनी प्रांगण में धरना दिया, तत्पश्चात मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। संघ की जिलाध्यक्ष रेहाना परवीन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं प्रदेश में बाल विकास, पोषण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय उनकी जिम्मेदारियों के अनुपात
![]() |
| नहर कालोनी प्रांगण में धरना देतीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां। |
में कम है। संघ ने कहा कि हाल में मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि में की गई बढ़ोतरी से कार्यकत्रियों को अपेक्षित राहत नहीं मिली है और उनमें असंतोष बना हुआ है। संघ ने शासन के पत्र संख्या 2964/58-1-2026 (1420460) का हवाला देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 1500 रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये की वृद्धि के साथ पीएलआई के रूप में कार्यकत्रियों को 2500 और सहायिकाओं को 1250 रुपये किए जाने की व्यवस्था बताई गई है। संघ की मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संविदा परिषद के मानकों के अनुरूप न्यूनतम 18,000 रुपये मानदेय दिया जाए। ज्ञापन में पोषण ट्रैकर को जीपीएस से संचालित किए जाने का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि इसके चलते कार्यकत्रियों को पोषण ट्रैकर संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने पोषण ट्रैकर को पहले की तरह संचालित किए जाने की मांग भी रखी। संघ ने मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है। ज्ञापन देने वालों में रंजना देवी, मन्नू देवी, रेनू देवी, सीमा यादव, ऊषा देवी, लक्ष्मी देवी, गायत्री देवी, माया शुक्ला, संगीता द्विवेदी, अमिता, सरिता, विनोदनी, विभा देवी, शारदा देवी, रेखा देवी आदि मौजूद रहीं।

No comments:
Post a Comment