डीएम, सीडीओ व ब्लॉक प्रमुख ने हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को किया रवाना
फतेहपुर, मो शमशाद । कृषि विभाग के तत्वावधान में प्रज्ञा ग्रामोत्थान सेवा समिति की ओर से आत्मा सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना के तहत जनपद के 48 किसानों के शैक्षणिक दल को अंतरराज्यीय कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण के लिए सोमवार को रवाना किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना एवं हसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान ने हरी झंडी दिखाकर दल को राजस्थान के लिए रवाना किया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजस्थान में भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान, भरतपुर, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जयपुर व राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान दुर्गापुरा
![]() |
| किसानों के दल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करतीं डीएम। |
जयपुर में प्रशिक्षण एवं भ्रमण के दौरान किसान वैज्ञानिक और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी हासिल करेंगे। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के साथ ही अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। सीडीओ ने कहा कि कृषक दल कृषि संस्थानों में फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि तथा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेगा। उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्र ने बताया कि आत्मा योजना के तहत आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य किसानों का ज्ञानवर्धन और क्षमता निर्माण करना है। किसान भरतपुर स्थित अनुसंधान केंद्र से रबी की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की उन्नतिशील प्रजातियों के बीज की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं जयपुर में औद्यानिक फसलों से संबंधित शोध संस्थानों में सब्जी एवं बागवानी की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी लिया जाएगा। हसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान ने कहा कि ऐसे कृषक भ्रमण से किसानों को खेती की नवीनतम तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है, जिससे कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। भ्रमण दल का संचालन कर रहे संस्था सचिव उमेश चंद्र शुक्ल ने बताया कि किसानों को कृषि तकनीक के साथ खाद्य प्रसंस्करण, पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन तथा फसलों की उन्नतिशील प्रजातियों के बारे में भी जानकारी दिलाई जाएगी। भ्रमण दल में बजरंग सिंह, रणवीर सिंह, ज्ञान सिंह, रमेश त्रिवेदी, बाबूराम मौर्य, अर्जुन सिंह, वीरेंद्र सिंह, शिवऔतार मौर्य और शिवप्रताप सहित अन्य किसान शामिल हैं।

No comments:
Post a Comment