Pages

▼

Saturday, September 26, 2026

मकान बनवाने को लेकर सड़क पर हाईवोल्टेज हंगामा

ईंट लेकर सड़क पर बैठी महिला, बोली-निर्माण नहीं शुरू हुआ तो फोड़ लूंगी सिर

जोनिहां-फतेहपुर मार्ग पर करीब एक घंटे तक रहा जाम, राहगीर परेशान

अमौली, फतेहपुर, मो शमशाद । चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बे में शनिवार को भवन निर्माण रोके जाने के विरोध में एक महिला ने परिजनों के साथ जोनिहां-फतेहपुर मार्ग पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। महिला हाथ में ईंट लेकर सड़क पर बैठ गई और निर्माण कार्य की अनुमति न मिलने पर अपना सिर फोड़कर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। अचानक हुए हंगामे से करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अमौली निवासी पूजा पुत्री बातूनी महापात्र का आरोप है कि उसके अर्धनिर्मित मकान का निर्माण पड़ोसी साहब सिंह गौतम के विरोध के चलते प्रशासन द्वारा रुकवा दिया जाता है।

सड़क पर हंगामा कर रही महिला को समझाते पुलिस कर्मी।

महिला का कहना है कि बरसात से बचने के लिए जब भी वह मकान का निर्माण शुरू कराती है, शिकायत के बाद प्रशासन निर्माण कार्य बंद करा देता है। इससे नाराज होकर शनिवार को उसने परिवार की करीब आधा दर्जन महिलाओं के साथ सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। महिला की मांग थी कि जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर विवादित भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण करें और निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करें। उसने दो टूक कहा कि जब तक उच्चाधिकारी मौके पर आकर मामले का निस्तारण नहीं करेंगे, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। सूचना मिलते ही अमौली चौकी इंचार्ज अविनाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को काफी देर तक समझाया और मामले में बातचीत के जरिए समाधान का भरोसा दिया। पुलिस की समझाइश के बाद महिला ने हाथ में पकड़ी ईंट सड़क पर फेंक दी और जाम खोलने को राजी हो गई। इसके बाद चौकी इंचार्ज संबंधित महिलाओं को बातचीत के लिए चौकी ले गए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। भवन निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद में पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


No comments:

Post a Comment