बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे में धूमधाम से मनाए जा रहे गणेश महोत्सव का शुक्रवार को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समापन हुआ। सुबह से हो रही भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। शाम करीब पांच बजे श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन यात्रा में निकले। इस दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमे और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाए। विसर्जन यात्रा गांधी नगर मोहल्ले से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए मां मढ़ीदाई मंदिर मुख्य चौराहा और अतर्रा रोड
स्थित घसिला तालाब पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ एक-एक कर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु यात्रा में शामिल रहे। इस मौके पर समिति के संरक्षक सभासद रामकृपाल मौर्य, अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, उपाध्यक्ष ऋषि कश्यप, प्रबंधक निर्मल सिंह, उपाध्यक्ष वीरेंद्र मौर्य, कोषाध्यक्ष अनुराग सिंह, संचालक दीपू नामदेव, कार्यकर्ता सदस्य प्रशांत यादव, विमल सिंह, अशोक सिंह, मुन्ना महाराज, मुन्ना दिनकर और रवि पंडा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment