Pages

Monday, September 21, 2026

तिंदवारी में गणेश चतुर्थी महोत्सव धूमधाम से संपन्न

आध्यात्मिक साधना का अवसर है भगवान गणेश की आराधनाः ब्रह्माकुमारी 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; कुशल राजमिस्त्रियों का हुआ सम्मान

बांदा, के एस दुबे । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तिंदवारी के तत्वावधान में चल रहे गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। संध्या काल में गणपति बप्पा की भव्य महाआरती और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस पावन अवसर पर समाज सेवा और निर्माण कार्य से जुड़े कुशल राजमिस्त्रियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया। संस्थान की बीके साधना बहन ने गणेश चतुर्थी की आध्यात्मिक महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह उत्सव केवल बाह्य आडंबर नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए अपनी आंतरिक आध्यात्मिक साधना और आत्मशुद्धि का अमूल्य अवसर है।


कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. पुष्पेंद्र विश्वकर्मा ने भगवान गणेश के स्वरूप और उनके महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रीगणेश को विघ्नहर्ता माना गया है, इसीलिए किसी भी शुभ कार्य या अनुष्ठान की शुरुआत से पहले उनकी पूजा-अर्चना करने का विधान है। महोत्सव के दौरान बच्चों द्वारा मनमोहक और भव्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। खुशी, शिवाय, पीहू, रत्नम और शिवांगी की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल शर्मा अध्यक्ष, ग्राम विकास फाउंडेशन ने भगवान गणेश की महिमा का वर्णन किया और बच्चों की उत्कृष्ट व मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस आयोजन में बीके बिहारी, बीके सुनीता, बीके राम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्य, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment