Pages

▼

Tuesday, September 29, 2026

मलवां विस्फोट कांड: प्रभारी मंत्री ने परिजनों को सौंपी आर्थिक मदद

सिलेंडर ब्लास्ट में दो मंजिला मकान हुआ था जमींदोज, चार भाइयों समेत पांच की मौत

धमाके की गूंज पांच सौ मीटर तक, आसपास के मकानों में भी आई दरारें

फतेहपुर, मो शमशाद । मलवां कस्बे में सोमवार की शाम एक घर में खाना बनाते हुए सिलेंडर ब्लास्ट होने से दो मंजिला मकान जमींदोज होने से चार भाईयों समेत जहां पांच लोगों की मौत हो गई वहीं कई गम्भीर रूप से घायल हुए थे। इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख व घायलों को पचास-पचास हजार रूपए की आर्थिक मदद दिए जाने की घोषणा की थी। प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने मृतकों के स्वजन को आर्थिक सहायता की चेक सौंपी। 

मेडिकल कालेज में भर्ती घायलों का हालचाल लेते प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल।

बताते चलें कि मलवां कस्बे में सोमवार शाम करीब पांच बजे फल कारोबारी के घर में खाना बन रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। देखते ही देखते दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया और परिवार के कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के साथ मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू कर मलबा हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दबे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में कुणाल, आलोक, अर्पित, वेद व यश की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। मृतकों की उम्र छह से 25 वर्ष के बीच है। एक साथ पांच मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। कल तक जिस घर में बच्चों की चहल-पहल थी, वहां मंगलवार को मातम पसरा रहा। हादसे के बाद मंगलवार को प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह व विधायक जयकुमार सिंह जैकी, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, उप जिलाधिकारी बिन्दकी, पुलिस
धमाके में जान गंवाने वालों की फाइल फोटो।

क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और शासन की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई। वहीं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल दयालु गुप्ता व पूर्व ब्लाक प्रमुख जितेंद्र सिंह जीतू मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। दोनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।

सिलेंडर फटा या कुछ और, जांच जारी

हादसे की वजह को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद विस्फोट की बात सामने आई, लेकिन धमाके की तीव्रता को देखते हुए फॉरेंसिक टीमों ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका गैस सिलेंडर से हुआ या किसी अन्य विस्फोटक पदार्थ की वजह से। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

धमाके से दहला पूरा इलाका

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा। तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दो मंजिला मकान के जमींदोज होने के बाद मलबे में तब्दील घर हादसे की भयावहता बयां करता रहा। घटना के बाद से मलवां कस्बे में दहशत के साथ गम का माहौल है। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत-बचाव के साथ हादसे की वजह की जांच में जुटी हैं।


No comments:

Post a Comment