Pages

▼

Saturday, September 26, 2026

बारिश से गिरा जर्जर मकान, वृद्ध की दबकर मौत

पपरेंदा गांव में हुई दुखद घटना,पुलिस ने हटवाया मलबा

बांदा, के एस दुबे । जनपद में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। बारिश के कारण जर्जर और कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा शनिवार, को चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में सामने आया, जहां लगातार बारिश के चलते एक जर्जर मकान भरभरा कर ढह गया।हादसे के वक्त घर के अंदर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की


सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटवाया और बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला।मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि थाना चिल्ला क्षेत्र के ग्राम पपरेंदा में लगातार वर्षा के कारण एक जर्जर मकान गिर गया था। मकान के मलबे में दबने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दुखद मृत्यु हो गई है। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर अग्रिम विधिक व पोस्मार्टम की कार्रवाई हेतु भेज दिया है। मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से जर्जर, कच्चे या कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।




No comments:

Post a Comment