बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू तहसील में उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार की न्यायालय एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। गुरुवार को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभुदत्त पाण्डेय और महासचिव नरेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन की 16 सितंबर को हुई आमसभा में प्रमुख समस्याओं का समाधान होने तक एसडीएम न्यायालय के अनिश्चितकालीन बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। अधिवक्ताओं ने दुरुस्ती वादों के शीघ्र निस्तारण, लंबित परवानों की फीडिंग, सीमांकन पत्रावलियों के निस्तारण और खतौनी में अंश निर्धारण संबंधी त्रुटियों को दूर करने की मांग की। इसके अलावा पत्रावलियों की नकलें समय से जारी करने, बिना तिथि नियत किए पत्रावलियां रोकने
पर रोक लगाने, सिविल न्यायालय मार्ग पर विद्युत पोल, प्रवेश द्वार की जंजीर हटाने और तहसील परिसर में स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग भी उठाई गई। अधिवक्ताओं ने जनता से मिलने का समय निर्धारित करने तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की। अध्यक्ष ने बताया कि मांगों की जानकारी जिलाधिकारी बांदा और मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल को ज्ञापन के माध्यम से दी गई है। प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष प्रभुदत्त पाण्डेय, महासचिव नरेन्द्र कुमार यादव, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद, अभिषेक, राजेश कुमार अवस्थी, शम्भूमूर्ति गुप्ता, अनुज शेषा, दुर्गेश कुमार पाण्डेय, अब्दुल शेख, रामप्रताप वर्मा, रामखेलावन प्रजापति, गेंदलाल प्रजापति, रामचन्द्र यादव, अशोक कुमार पंवार, रामसहारे प्रजापति, उमाकान्त तिवारी, रिंकू कुमार सिंह, रामकेश सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment