Pages

Thursday, September 17, 2026

जिले में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा की जयंती

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर गुरुवार को जिले में श्रद्धा, उल्लास और उत्साह का माहौल रहा। शहर से लेकर तकनीकी संस्थानों और कार्यस्थलों तक भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया। विश्वकर्मा समाज की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही शोभायात्रा भी निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसमें लौहकार, स्वर्णकार, ताम्रकार, काष्ठकार और मूर्तिकार समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, भाजपा नेता जगदीश गौतम, शानू गुप्ता, अजय सोनी, रामप्रकाश विश्वकर्मा, रामबहादुर विश्वकर्मा, केपी विश्वकर्मा, रामलाल विश्वकर्मा (सीए), रेडक्रास समिति के सचिव विजय किशोर, भरत विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। भैरों प्रसाद मिश्र ने समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए सहयोग का भरोसा दिया। जगदीश गौतम ने कहा कि निर्माण और आधुनिक विज्ञान के विकास में भगवान विश्वकर्मा


की परंपरा का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में तीन-चार दशक से योगदान दे रहे समाज के लोगों का सम्मान किया गया। समाज के बच्चों ने संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। पुष्पराज विश्वकर्मा, अंकित और रामलाल विश्वकर्मा ने सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की बात कही। लोगों ने विश्वकर्मा समाज एकीकरण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए हाथ उठाकर सहमति जताई। इसी प्रकार दीनदयाल शोध संस्थान के दीनदयाल औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, आरोग्यधाम की रसशाला और मातृ सदन में हवन-पूजन व आरती के साथ विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। संस्थान की कर्मशालाओं और प्रयोगशालाओं में मशीनों व उपकरणों की साफ-सफाई और सजावट के बाद पूजन हुआ। भागवत एवं ज्योतिषाचार्य पंडित राम विशाल शुक्ल ने पूजन संपन्न कराया। उन्होंने

भगवान विश्वकर्मा पूजन की धार्मिक मान्यताओं की जानकारी दी। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रकल्प प्रभारी और प्रशिक्षण शालाओं से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। हनुमान धारा रोपवे परिसर में भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। इस दौरान मशीनों, केबल कार, तकनीकी उपकरणों और औजारों का पूजन कर रोप-वे के सुरक्षित संचालन, यात्रियों की सुरक्षा और टीम की सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया। साइट इंचार्ज कपिल ध्यानी, लेखाकार राकेश वर्मा, राजनीश पांडेय, प्रशांत मुदली, नितेश तिवारी समेत अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment